कुएं में उतरे दो किसानों की जहरीली गैस से मौत

WhatsApp Channel Join Now
कुएं में उतरे दो किसानों की जहरीली गैस से मौत


किसान को बचाने नीचे उतरा साथी भी बेहोश हुआ, दोनों की गई जान

बांदा, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बिसंडा थाना क्षेत्र के अजीतपारा गांव में शुक्रवार दोपहर कुएं में लगी मोटर का पंखा ठीक करने उतरे दो किसानों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। पहले किसान के कुएं में अचेत होने पर उसे बचाने के लिए नीचे उतरा दूसरा किसान भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।

अजीतपारा गांव निवासी करीब 45 वर्षीय लालू पुत्र गया शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शिवनारायण सिंह के खेत में बने बोर में लगी मोटर का पंखा ठीक करने के लिए कुएं में उतरा था। बताया जा रहा है कि करीब 15 फीट नीचे पहुंचते ही वह जहरीली गैस की चपेट में आ गया और वहीं अचेत होकर गिर पड़ा।

लालू को बोर में अचेत पड़ा देख उसका साथी किसान 44 वर्षीय कृष्ण कुमार पुत्र शिवनारायण सिंह उसे बचाने के लिए नीचे उतर गया। नीचे पहुंचते ही कृष्ण कुमार भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों को जब दोनों दिखाई नहीं दिए तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। बोर में झांकने पर दोनों किसान अचेत अवस्था में पड़े दिखाई दिए।

ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों किसानों को बोर से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने लालू को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में कृष्ण कुमार को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी, नायब तहसीलदार बबेरू, बिसंडा थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश तिवारी और हलका इंचार्ज गौरव मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर घटना की जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाया।

क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि दोनों किसान कुएं में उतरे थे और जहरीली गैस की चपेट में आ गए। दोनों की मौत हो गई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिससे मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story