कानपुर : हाईटेंशन लाइन से छू गई ग्रिल, दो मजदूरों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर : हाईटेंशन लाइन से छू गई ग्रिल, दो मजदूरों की मौत


कानपुर : हाईटेंशन लाइन से छू गई ग्रिल, दो मजदूरों की मौत


कानपुर, 26 सितंबर (हि.स.) जिले में रावतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केशवपुरम स्थित बालाजी अपार्टमेंट में शनिवार को ग्रिल लगाने के दौरान हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।

मृतकों की पहचान रावतपुर के रामलला स्कूल के पास रहने वाले अभिषेक पाल (25) और उनके चाचा मिथिलेश उर्फ छोटू (40) के रूप में हुई है। मसवानपुर निवासी रिजवान उनके साथ काम कर रहा था। तीनों एल्युमीनियम और ग्रिल लगाने का काम करते थे। आज तीनों बालाजी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में ग्रिल लगाने पहुंचे थे। काम के दौरान मजदूर ग्रिल की नाप-जोख कर रहे थे। इसके बाद उसे ऊपर उठाकर लगाने की तैयारी की जा रही थी। अपार्टमेंट के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। ग्रिल का हिस्सा जैसे ही लाइन के संपर्क में आया, उसमें करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से तीनों मजदूर झुलसकर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची तो अभिषेक और मिथिलेश की मौत हो चुकी थी। गंभीर हालत में मिले रिजवान को पुलिस ने लाइफ ट्रॉन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। चाचा-भतीजे की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि ग्रिल को ऊपर ले जाते समय हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से हादसा होने की बात सामने आई है। घटनास्थल और हाईटेंशन लाइन की स्थिति की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story