सीएसजेएमयू में दो दिवसीय 'सैम-2026' कार्यशाला संपन्न, नई तकनीकों पर हुआ मंथन

WhatsApp Channel Join Now
सीएसजेएमयू में दो दिवसीय 'सैम-2026' कार्यशाला संपन्न, नई तकनीकों पर हुआ मंथन


कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) के पदार्थ विज्ञान एवं धातुकर्म अभियांत्रिकी विभाग ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (आईआईएम) कानपुर चैप्टर के सहयोग से दो दिवसीय 'सैम-2026' कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में पदार्थ विज्ञान, धातुकर्म, ऊर्जा भंडारण, पुनर्चक्रण तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के डॉ. राहुल सरकार, डॉ. निलेश प्रकाश गुराव, डॉ. अरुणाभ मेश्रराम, डॉ. शोबित ओमर, डॉ. नीरज मोहन चावके और प्रो. कांतेश बलानी ने हरित इस्पात, सूक्ष्म संरचना, पदार्थ पुनर्चक्रण, लिथियम-आयन बैटरियां, भविष्य की ऊर्जा भंडारण तकनीक, क्रिस्टल विज्ञान, टंगस्टन आधारित पदार्थों तथा वैज्ञानिक शोध लेखन एवं प्रकाशन नैतिकता जैसे विषयों पर व्याख्यान दिए।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से संवाद किया और शोध व नवाचार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसमें पदार्थ विज्ञान एवं धातुकर्म अभियांत्रिकी विभाग, रासायनिक अभियांत्रिकी विभाग तथा मूलभूत विज्ञान संकाय के विद्यार्थी एवं विश्वविद्यालय के शिक्षक शामिल हुए।

कार्यशाला का आयोजन डॉ. अलका गुप्ता के नेतृत्व में तथा विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) वी.के. कश्यप के सहयोग से किया गया। आयोजन समिति के प्रयासों से कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ।

विश्वविद्यालय के अनुसार, इस कार्यशाला ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (आईआईएम) कानपुर चैप्टर और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के बीच शैक्षणिक सहयोग को और मजबूत किया तथा विद्यार्थियों को आधुनिक अनुसंधान और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story