बिरमा नदी में नहाने गए दो मासूम डूबे, एक की मौत
हमीरपुर, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार को बिलगांव गांव के पास बिरमा नदी में नहाने गए दो बच्चे गहरे पानी में समा गए। ग्रामीणों की तत्परता से एक बच्चे को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दूसरे मासूम की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रविवार को, बिलगांव निवासी सुधाचंद्र का 12 वर्षीय पुत्र आशीष अपने साथी सत्यम और शिवा के साथ गांव के पास बह रही बिरमा नदी में नहाने गया था। नहाते समय आशीष और सत्यम अचानक संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबता देख किनारे पर मौजूद साथी शिवा ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। इसी दौरान गांव के हरगोविंद अनुरागी ने अपनी जान की परवाह न करते हुए नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद सत्यम को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, आशीष तब तक गहरे पानी में ओझल हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची।
ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान के बाद शाम 4 बजे आशीष का शव नदी से बरामद किया जा सका। आशीष के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की मां कौसिला और बाबा भोजा का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि आशीष के पिता सहालग (शादी-ब्याह) के सीजन में बैंड बजाने के लिए गांव से बाहर गए हुए थे, जिन्हें इस दु:खद घटना की सूचना दे दी गई है।
थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई थी। ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

