गंगा में नहाते समय दो भाई तेज बहाव में बहे, तलाश में जुटी टीमें

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में नहाते समय दो भाई तेज बहाव में बहे, तलाश में जुटी टीमें


कानपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुढ़ारा घाट पर सोमवार को गंगा में नहाते समय दो भाई पानी के तेज बहाव में बह गए। सूचना पर पुलिस, जल पुलिस, गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन गंगा में तेज बहाव होने के चलते ऑपरेशन में दिक्कतों सामना करना पड़ रहा है।

सचेण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत चकरपुर मंडी निवासी अभिषेक सोनकर अपने चचेरे भाई आशीष सोनकर (16) और मौसेरे भाई सतीश सोनकर (18) के साथ सोमवार को गुढ़ारा घाट पहुंचे। तीनों गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आशीष और सतीश गहरे पानी की ओर चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे।

दोनों को डूबता देखकर अभिषेक ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तत्काल गंगा में उतरकर दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन तेज धारा के कारण उनका पता नहीं चल सका। कुछ ही देर में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर बिठूर पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ को भी बुलाया गया। गोताखोरों और एसडीआरएफ के जवानों ने गंगा के बहाव वाले क्षेत्र में काफी दूर तक तलाश अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद भी दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिला।

सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के चलते गुढ़ारा घाट समेत गंगा के अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। घाट पर लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए चेतावनी रस्सी लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों युवक रस्सी के आगे गहरे पानी की ओर चले गए थे।

बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि दोनों युवक गहरे पानी में स्नान करने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। जल पुलिस, गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम लगातार दोनों की तलाश कर रही है। तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में दिक्कत आ रही है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story