सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत, परिजनों ने किया पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा
नोएडा, 12 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में नाेएडा जनपद के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र अंतर्गत जीरो पॉइंट के पास नोएडा की ओर नीचे उतरने वाले मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में दो सगे भाईयों की मौत हो गई। बोलेरो गाड़ी में डीजल खत्म हो जाने के कारण सड़क किनारे खड़े होकर केन के माध्यम से ईंधन भर रहे दो भाईयों को तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल उपचार के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित कार चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस घटना से आक्रोशित मृतकों के परिजनों ने साेमवार शाम को एनपीएक्स पुलिस चौकी पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझा बूझाकर शांत करवाया।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान गौरव शर्मा (32 वर्ष) और मनोज शर्मा (40 वर्ष) पुत्रगण जयप्रकाश शर्मा निवासी गांव कुंडली बांगर थाना नॉलेज पार्क के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों भाई बोलेरो से परिवार सहित कपड़ों की खरीदारी के लिए निकले थे। वहां से रविवार देर रात को वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जीरो पॉइंट के पास वाहन का डीजल समाप्त हो गया। मनोज ने पास एक पेट्रोल पंप से किसी तरह से डीजल का इंतजाम किया और बाद में गाड़ी में डीजल डालने लगा। वहीं पास खड़ा गौरव दूसरी गाड़ियों को साइड कराने में मदद करने लगा। इसी दौरान एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने अनियंत्रित होकर दोनों भाइयों को टक्कर मार दिया।
उनके मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन से सूचना मिलने पर थाना नॉलेज पार्क पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को ग्रेनो के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को साेमवार सुबह मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस घटना को अंजाम देने वाले बिहार निवासी सिद्धार्थ कात्यान को गिरफ्तार कर होंडा सिटी कार को कब्जे में लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपित को आज न्यायालय में पेश किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव कुंडली बांगर में शोक की लहर है। जांच में पता चला है कि मनोज सेक्टर-150 स्थित एटीएस सोसाइटी के पास मोमोज की ठेली लगाकर परिवार का पालन पोषण करता था। वहीं गौरव शर्मा की एटीएस के पास किराना और चाय की दुकान है। दोनों भाई शादीशुदा थे। मनोज के परिवार में दो लड़की व दो लड़का है। इसी तरह गौरव के परिवार में दो लड़का और एक लड़की है। परिजन का आरोप है कि होंडा सिटी कार का चालक नशे में था। टक्कर के कारण कार के परखच्चे उड़ गए। कार चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए परिजनों ने सोमवार की शाम को एनपीएक्स चौकी पर जमकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझा बूझाकर वापस भेजा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

