दूध देने गए दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडों से पीटने के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग में एक को लगीं तीन गोलियां
जौनपुर, 29 जून (हि .स.)। यूपी के केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के परमानंदपुर गांव में सोमवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने डेयरी पर दूध देने गए दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि 9-10 हमलावरों ने पहले दोनों भाइयों को लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, फिर घायल होने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में एक भाई के हाथ में तीन गोलियां लगी हैं, जबकि दूसरे के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सिझवारा गांव निवासी बुद्धिराम और उनके भाई सुधीराम सोमवार सुबह परमानंदपुर स्थित डेयरी पर दूध देने पहुंचे थे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने दोनों भाइयों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों भाई भागे, लेकिन हमलावरों ने करीब 400 मीटर तक पीछा कर उनकी पिटाई की।आरोप है कि जब बुद्धिराम गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े, तब हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में बुद्धिराम के दाहिने हाथ में तीन गोलियां लगीं, जबकि सुधीराम के सिर में गंभीर चोट आई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दो दिन पहले भी बुद्धिराम के पुत्र विकास राजभर के साथ मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजय कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी केराकत अजय राय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

