ओमप्रकाश हत्याकांड में आराेपित दो सगे भाई गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
ओमप्रकाश हत्याकांड में आराेपित दो सगे भाई गिरफ्तार


जौनपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के नारीपुर गांव में ओमप्रकाश मिश्र (58) की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चाय की दुकान पर हुए विवाद के बाद दोनों ने मिलकर ओमप्रकाश की हत्या कर दी थी। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और लाठी बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी पहले भी हत्या के एक मामले में सजा काट चुके हैं।

घटना का मंगलवार को खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि नारीपुर निवासी रोहित मिश्र ने तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता ओमप्रकाश मिश्र की अज्ञात लोगों ने गला काटकर हत्या कर दी है। उनका शव हिम्मतनगर स्थित शांति शिशु शिक्षा निकेतन स्कूल में मिला था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच और पूछताछ में सामने आया कि 11 अक्टूबर को गनपति प्रजापति अपनी चाय की दुकान बंद कर रहा था। इसी दौरान ओमप्रकाश वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। इसके बाद ओमप्रकाश स्कूल परिसर में जाकर शराब पीने लगे। इसी बीच गनपति का भाई राकेश भी वहां पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने मिलकर ओमप्रकाश के साथ मारपीट की और उनकी हत्या कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राकेश प्रजापति (45) और गनपति प्रजापति (56), निवासी नारीपुर, थाना सुजानगंज की पहचान की। मंगलवार को दोनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और लाठी बरामद की गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2009 में भी सुजानगंज थाने में हत्या से संबंधित मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस का कहना है कि दोनों उस मामले में सजा काट चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764096 Articles

Share this story