क्योलारी नदी में दो बालकों की डूबने से मौत
महोबा, 25 मई (हि.स.)। यूपी के महोबा जिले के महोबकंठ थाना क्षेत्र से निकली क्योलारी नदी में सोमवार को दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। दर्दनाक हादसे से गांव में मातम पसर गया है ,परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की है। दो मौतें होने से गांव में मातम पसर गया है।
बताया जा रहा है कि महोबकंठ थाना क्षेत्र के गांव गाड़ौ निवासी निहाल साहू पुत्र प्रकाश साहू (17) सोमवार को अपनी बकरियां चराने के लिए क्योलारी नदी किनारे गया था। उसके साथ गांव का हिर्देश पुत्र भारत विश्वकर्मा (11) भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि गर्मी से निजात पाने के लिए दोनों नदी में नहाने चले गए। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में चले गए। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, दोनों पानी में डूब गए।
दोनों बालकों को नदी में डूबता देख ग्रामीणों ने तुरंत नदी में कूदकर दोनों को बाहर निकाला। आनन-फानन में परिजनों ने मध्य प्रदेश के हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को नौगांव रेफर कर दिया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मृत निहाल की मां ममता साहू और हिर्देश की मां राधा का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में एक साथ दो किशोरों की मौत से ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई है।
महोबकंठ थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि नदी में डूबने की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की गई है।मध्य प्रदेश पुलिस के द्वारा शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
घटना की जानकारी पर नायब तहसीलदार मुकुल पांड्या तथा आपदा मित्र रामदीन भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रशासन द्वारा परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। ग्रामीणों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

