शादी काे लेकर हुए विवाद में दाे सगे भाइयाें ने खाया जहर, छोटे की मौत व बड़े की हालत गंभीर
देवरिया, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बरहज कस्बे के पुराना मोहल्ला में शादी को लेकर परिवार में शुरू हुआ पारिवारिक विवाद एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। दो सगे भाइयों ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसमें छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़े भाई का इलाज गोरखपुर में चल रहा है। घटना से पूरे परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।मंगलवार को पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकार राजेश चतुर्वेदीने बताया कि बरहज थाना क्षेत्र के पुरानी बरहज मोहल्ला की रहने वाले राजकुमार गिरी सरयू घाट स्थित मंदिर में पुरोहित हैं। परिवार में पांच बेटे हैं। तीसरे नंबर के बेटे विष्णु गोस्वामी (25) और चौथे बेटे महेश गोस्वामी की शादी तय करने को लेकर परिवार में बातचीत चल रही थी। परिजनों के अनुसार, सबसे छोटे बेटे केशव गोस्वामी (21) को इस बात पर आपत्ति थी और इसी मुद्दे को लेकर घर में कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर विष्णु और केशव ने जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। विष्णु की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, केशव ठीक होकर सोमवार को वह घर लौट आया था। लेकिन उसने फिर से जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे दोबारा सीएचसी बरहज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बरहज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद जिस घर में शादी की तैयारियों की चर्चा हो रही थी, वहां अब मातम पसरा है। परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं और पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

