औरैया : कछुआ संरक्षण केंद्र में विद्यार्थियों ने जाना वन्य जीव संरक्षण के महत्व

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : कछुआ संरक्षण केंद्र में विद्यार्थियों ने जाना वन्य जीव संरक्षण के महत्व


-कछुआ संरक्षण केंद्र में विद्यार्थियों को बताए वन्य जीव संरक्षण के महत्व

औरैया, 08 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर में वन्य जीव सप्ताह एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गुरुवार को वन विभाग, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में कछुआ संरक्षण केंद्र दिबियापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जयपुरिया स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कछुआ संरक्षण केंद्र का भ्रमण कराया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें कछुओं के संरक्षण, वन्य जीवों के महत्व और उनके प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने के संबंध में जानकारी दी। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने वन्य जीव एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. चंद्र प्रताप सिंह ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. चंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वन्य जीवों और जैव विविधता का संरक्षण केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। विद्यार्थियों में बचपन से ही पर्यावरण और वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने से संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी बृजेंद्र सिंह चौहान, आरके राठौर, हरि मोहन मीणा, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे साक्षी शुक्ला सहित वन विभाग, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया एवं जिला गंगा समिति के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story