मेला रामनगरिया में तटबन्ध बनाने को लेकर संताें ने भरी हुंकार
फर्रुखाबाद। 11 जनवरी हि.स.। मेला रामनगरिया में जूना अखाड़ा में तटबंध बनाने के लिए संत समाज की बैठक मेला रामनगरिया संत समाज समिति के अध्यक्ष महंत सत्यगिरी महाराज की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभी संतों ने एक स्वर में तटबंध बनाए जाने के लिए पूर्ण सहयोग और समर्थन की घोषणा की। बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में आए अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार को दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए संत समिति के अध्यक्ष महंत सत्यगिरी ने कहा कि सारे क्षेत्र की जनता के दर्द से संत समाज भी दूर नहीं है। ड़ी तादाद में संत समाज भी गंगा के किनारे ही निवास करता है।
उन लोगों को अच्छे से पता है कि बाढ़ का प्रकोप क्या होता है? इसलिए तटबंध बनाना बहुत आवश्यक है। स्वामी धर्म चैतन्य उर्फ छोटे भइया ने कहा कि तटबंध बनने से सभी गांव बचेंगे। खेत बचेंगे और जो लोग गंगा पार छोड़कर जा रहे हैं ,उनका पलायन रुकेगा। फर्रुखाबाद के सांसद और विधायकाें को चाहिए कि जल्द से जल्द तटबंध बनवाएं। स्वामी रोहितनंद ने कहा कि जितना जल्दी हो, सरकार तटबंध बनवाए। हर वर्ष बाढ़ तबाही लाती है। इससे बचाव सिर्फ तटबंध है।
फर्रुखाबाद व्यापार मंडल मिश्रा गुट के जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला ने कहा कि तटबंध बनाओ। जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा का अथक प्रयास जरूर रंग लाएगा। आज उन्हीं का प्रयास है कि सारे क्षेत्र की जनता तटबंध बनवाने के लिए जागरूक हुई है।
संत समाज जागरूक हुआ है और आज व्यापार मंडल भी इस लड़ाई में हर प्रकार से सहयोग करने को तैयार है। जहां भी आवश्यकता पड़ेगी, व्यापार मंडल पूरी ताकत से इस आंदोलन में सम्मिलित होगा। तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि आज सारा क्षेत्र तटबंध बनवाने के लिए जनप्रतिनिधियों की आंखों में आंख डालकर बात करता है कि तटबंध बनवाइये। आज सारे संत समाज का पूर्ण समर्थन तटबंध बनाओ अभियान को मिला है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि जल्द से जल्द तटबंध बनने की घोषणा होगी। यदि तटबंध बनने की घोषणा नहीं हुई तो इसका खामियाजा वर्तमान जनप्रतिनिधियों को भुगतना पड़ेगा।
आज की बैठक में प्रमुख रूप से सागर पुरी, विपिन पुरी, श्यामलपुरी, झंझट गिरी, कन्हैया दास सेवागिरी, शंकर गिरी, रमेश पांडेय, कृष्ण पुरी, दुर्वासा गिरी, विनीत द्विवेदी, राजू गौतम, विजय मिश्रा, मुकेश सक्सेना, श्याम सुंदर शर्मा, अशोक मिश्रा, अजय गुप्ता, सुमित गुप्ता, श्यामेंद्र दुबे, नीरज दुष्यंत दीक्षित, कुंदन अवस्थी आदि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

