ट्रक की टक्कर से युवक घायल

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक की टक्कर से युवक घायल


हाथरस, 28 जून (हि.स.)। सादाबाद के विनोबा नगर चौराहे पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मार दिया। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल युवक की पहचान सलेमपुर निवासी अमित कुमार पुत्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अमित कुमार रात के समय सड़क पार कर रहा था, तभी हाथरस की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल एंबुलेंस तथा पुलिस को सूचना दी गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान युवक की हालत गंभीर देख उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल युवक से पूछताछ कर उसकी पहचान सुनिश्चित की और उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए, जहां युवक की गंभीर स्थिति को देखकर परिवार के लोगों में चिंता का माहौल बन गया। पुलिस का कहना है कि फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान कर आरोपी चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story