संदिग्ध हालात में ट्रक चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध हालात में ट्रक चालक की मौत


घर में जमीन पर पड़ा मिला शव

हमीरपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव में मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 48 वर्षीय ट्रक चालक की मौत हो गई। उनका शव घर के अंदर जमीन पर पड़ा मिला। मुंह से झाग निकलता देख परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतक के छोटे भाई संतोष ने बताया कि राजू कुशवाहा पुत्र बाबूलाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। तभी से उनका इलाज चल रहा था। भतीजे ने घर का दरवाजा खोला तो राजू जमीन पर पड़े मिले। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। परिजन तत्काल उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। राजू तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी आशा करीब 15 वर्ष पहले घर छोड़कर बांदा जिले के अतराहट स्थित मायके में रहने लगी थीं। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। मृतक के माता-पिता छोटे बेटे संतोष के साथ रहते हैं। तीनों भाई अलग-अलग रहते थे। परिजनों के मुताबिक परिवार में किसी तरह का विवाद नहीं था। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बुधवार को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। उसी के आधार पर आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775535 Articles

Share this story