रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत में चालक समेत आठ घायल

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में बबेरू कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुरहा मोड़ के पास बुधवार शाम करीब 5 बजे प्रयागराज से बांदा आ रही रोडवेज बस की सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में बस में सवार कुल 8 लोग घायल हो गए।

घायलों में राजू यादव (7) पुत्र राम बिहारी निवासी पुनाहुर थाना बिसंडा, राजाबाई (70) पत्नी रखमुनुवा निवासी आवास विकास बांदा, नीलम वर्मा (40) पत्नी संतोष कुमार निवासी आवास विकास बांदा, सीता प्रजापति (25) पत्नी चुनकू प्रजापति निवासी आहार थाना बबेरू, चुनकू प्रजापति (28) पुत्र फूलचंद्र निवासी आहार थाना बबेरू, नैन्सी (19) पुत्री संतोष निवासी बांदा, आराध्या (5) पुत्री कमल वर्मा निवासी बांदा, बस कंडक्टर सीमा सिंह पुत्री रामजस सिंह निवासी बड़ागांव थाना बिसंडा तथा बस चालक बबलू प्रजापति पुत्र लल्लू निवासी मोहनपुरवा थाना मटौंध शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सीमा सिंह, राजाबाई, नैन्सी और आराध्या को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि आज मुरबल के पास रोडवेज बस और ट्रक में टक्कर हो गई जिसमें 8 लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story