नोएडा के लिए रोडवेज बस का संचालन बंद होने से बढ़ी परेशानी
यात्री छात्र बोला, दिल्ली जाने वाली बस से जाने में मुख्य मार्ग पर उतरकर अब नोएडा जाना पड़ता है
मुरादाबाद, 20 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद बस अड्डे से नोएडा के लिए चलाई गई बस दो महीने से बंद है। इसकी वजह से नोएडा बस अड्डे तक जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परिवहन विभाग की ओर से मुरादाबाद बस अड्डे से दो महीने पहले एक बस चलाई गई। यात्रियों की संख्या कम होने की वजह से लोड फैक्टर नहीं आया। इसकी वजह से कुछ दिन रोडवेज बस चलाकर बंद कर दिया है। अब नोएडा बस अड्डे तक जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को मजबूरी में मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाली बस से जाना पड़ता है। यात्रियों ने बताया कि दिल्ली जाने वाली बस से जाने में मुख्य मार्ग पर उतरकर नोएडा जाना पड़ता है। इसकी वजह से काफी दिक्कत होती है।
मुरादाबाद डिपो के सीनियर फोरमैन गजेंद्र सिंह का कहना है कि नोएडा बस अड्डे के लिए बस चलाई गई थी लेकिन लोड फैक्टर नहीं आया। अब नोएडा के लिए ई-बसों के चलाने की तैयारी चल रही है।
वहीं हर सप्ताह मुरादाबाद से नोएडा जाने वाले छात्र शिवम वर्मा ने बताया कि नोएडा के लिए बस बंद होने से काफी समस्या बढ़ गई है। दिल्ली जाने वाली बस से जाने में मुख्य मार्ग पर उतरकर नोएडा जाना पड़ता है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

