प्रखर ट्रेड यूनियन नेता स्व. टीपी मिश्र की 87वीं जयंती पर ‘त्रिवेणी गौरव सम्मान’ समारोह

WhatsApp Channel Join Now
प्रखर ट्रेड यूनियन नेता स्व. टीपी मिश्र की 87वीं जयंती पर ‘त्रिवेणी गौरव सम्मान’ समारोह


प्रखर ट्रेड यूनियन नेता स्व. टीपी मिश्र की 87वीं जयंती पर ‘त्रिवेणी गौरव सम्मान’ समारोह


प्रयागराज, 02 मई (हि.स)। केंद्रीय एवं डाक कर्मचारियों के प्रख्यात राष्ट्रीय नेता तथा संयुक्त ट्रेड यूनियन, इलाहाबाद के पूर्व संयोजक स्व. टी.पी. मिश्र की 87वीं जयंती शनिवार को स्थानीय हिंदुस्तानी एकेडमी में अत्यंत गरिमामय वातावरण में मनाई गई। त्रिवेणी सेवा समिति की ओर से आयोजित इस समारोह में शहर के विभिन्न ट्रेड यूनियनों के नेताओं, प्रबुद्ध बुद्धिजीवियों, परिजनों और मित्रों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली पांच विशिष्ट हस्तियों और मेधावी विद्यार्थियों को ‘त्रिवेणी गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया। सम्मानित होने वालों में सामाजिक सक्रियता के लिए नसीम अंसारी, ट्रेड यूनियन नेतृत्व हेतु आर.एन. यादव तथा विशिष्ट सामाजिक योगदान के लिए आनंद मालवीय को सम्मानित किया गया। वहीं, विद्यार्थी वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु साक्षी दुबे और दिव्यांश पाल को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता हरिश्चंद्र द्विवेदी ने तथा मंच संचालन प्रतिभा मिश्र ने एवं गोष्ठी का विषय प्रवर्तन प्रबुद्ध मिश्र ने किया। उपस्थित वक्ताओं ने स्व. टी.पी. मिश्र के बहुआयामी व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए उन्हें एक ऐसा ‘लोकसंग्रही’ जननायक बताया, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन श्रमिकों और कर्मचारियों के अधिकारों के संघर्ष हेतु समर्पित कर दिया। गोष्ठी के दौरान वर्तमान श्रमिक परिवेश पर चर्चा करते हुए न्यूनतम वेतन को 26,000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

समारोह में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह, आनंद पांडेय, सुभाष चंद्र पांडेय, नसीम अंसारी, विकास स्वरूप, मुस्तकीम, धर्मेंद्र यादव और आर.एम.एस के पूर्व महामंत्री नरोत्तम तिवारी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनके अतिरिक्त वरिष्ठ डाक कर्मचारी नेता सी.बी सिंह, प्रमोद राय, आशीष बनर्जी, राजेश वर्मा, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. एल.एस. ओझा, समाजकर्मी अनंत बहादुर, रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन से राजेश यादव व योगेंद्र पांडेय, एनसीआर के वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय तथा बैंक एम्पलाइज यूनियन से एस.पी. शर्मा सहित सैकड़ों कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा में स्व. टी.पी. मिश्र की धर्मपत्नी उर्मिला मिश्र, भाई रवींद्रनाथ मिश्र, उनके पुत्र व मऊ जनपद के जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र, उनकी पुत्रियां प्रमा, प्रतिभा, प्रभा एवं बहुएं विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अंत में त्रिवेणी सेवा समिति ने सभी आगंतुक अतिथियों, सहयोगियों और कर्मचारी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story