तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक : जिलाधिकारी


कानपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देते हुए सभी लोग अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं। यह बातें बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सरसैया घाट से ग्रीन पार्क स्टेडियम तक निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान कहीं।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज सरसैया घाट से ग्रीन पार्क स्टेडियम तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रध्वज लिए हजारों लोगों ने यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, सुरक्षाबलों के जवानों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और शहरवासियों की भागीदारी से यात्रा ने जनआंदोलन का स्वरूप ले लिया।

यात्रा के दौरान विद्यार्थियों और स्काउट के बैंड ने देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत कीं। भारत माता की जय और अमर शहीदों के सम्मान में लगाए गए नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। तिरंगे के साथ चल रहे बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

यात्रा में विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, विधायक नीलिमा कटियार, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन और प्रशिक्षु आईएएस संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। स्कूली छात्र-छात्राओं, आईटीबीपी एवं अन्य सुरक्षा बलों के जवानों, एनसीसी कैडेटों, स्काउट और विभिन्न विभागों के कार्मिकों ने भी हिस्सा लिया।

यात्रा में भारत माता की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। छात्राओं ने भारत माता के साथ वैज्ञानिक, अधिवक्ता, पुलिसकर्मी और प्रशासक की भूमिका निभाई। झांकी के माध्यम से 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से लेकर 1950 में संविधान लागू होने और उसके बाद निरंतर प्रगति करते भारत की तस्वीर प्रस्तुत की गई। इसमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से लेकर विकसित भारत की ओर बढ़ते देश की यात्रा को दर्शाया गया।

तिरंगा यात्रा देशभक्ति की धुनों और नारों के बीच ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंची। यहां सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान का गायन किया गया। ग्रीन पार्क में तिरंगा थीम पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन ने यहां सेल्फी लेकर अभियान की स्मृतियां सहेजीं।

इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिंहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story