भारतीय तिरंगा देश की एकता, अखंडता, त्याग और वीरता का प्रतीक : राजेश ‘चुन्नू’
मुरादाबाद, 11 अगस्त (हि.स.)। देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत
भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद जिला इकाई के छजलैट मंडल द्वारा मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ शहीद जय कुमार सिंह स्मारक से हुआ और समापन प्राथमिक विद्यालय कुड़ी रवाना ग्राम में हुआ।
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि कांठ विधानसभा से पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह ‘चुन्नू’ ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, त्याग और वीरता का प्रतीक है। इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यकर्ताओं ने लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस को गौरव एवं उत्साह के साथ मनाने का संदेश दिया
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष आंचल चौधरी ने की उन्होंने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छजलैट मंडल के कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया, वह क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति की भावना को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

