शहीद दिवस पर महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को भावभीनी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
शहीद दिवस पर महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को भावभीनी श्रद्धांजलि


शहीद दिवस पर महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को भावभीनी श्रद्धांजलि


जौनपुर,27 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के 95वें शहादत दिवस पर नगरपालिका परिषद टाउन हॉल मैदान में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन शुक्रवार को किया गया। काकोरी-एक्शन शताब्दी वर्ष आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों नागरिक, बुद्धिजीवी एवं युवा शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. जी.एल. निषाद ने की तथा संचालन सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद कुमार शुक्ल ने किया। सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता अपूर्व दूबे ने कहा कि 23 जुलाई 1906 को जन्मे आज़ाद ने किशोरावस्था में ही असहयोग आंदोलन में भाग लेकर ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी। अदालत में अपना नाम “आजाद” बताकर उन्होंने औपनिवेशिक सत्ता के सामने अदम्य साहस का परिचय दिया। आगे चलकर वे हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी के कमांडर-इन-चीफ बने और क्रांतिकारी आंदोलन को नई दिशा दी।सभा में प्रमुख वक्ता , वरिष्ठ अधिवक्ता इंदुकुमार शुक्ल, युवा नेता मोहित प्रजापति, समाजसेवी दिलीप कुमार खरवार तथा महिला वक्ता पूनम प्रजापति ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने भगत सिंह, रामप्रसाद बिस्मिल और अशफाक उल्ला खान के साथ आज़ाद के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रसमर्पण की मिसाल है। कार्यक्रम में अंजली सरोज और जिमी गुप्ता ने ओजस्वी क्रांतिकारी गीत प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। अंत में राष्ट्रवादी नारों के साथ सभा का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story