मुरादाबाद में 23 अप्रैल को होंगे महिला क्रिकेट के लिए ट्रायल
मुरादाबाद, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन (डीएसए) की ओर से अंडर-19, अंडर-23 एवं सीनियर महिला खिलाड़ियों के ट्रायल 23 अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल्स का आयोजन जोया स्थित आर्यन इंग्लिश मीडियम स्कूल के खेल मैदान पर होगा।
यह जानकारी पूर्व रणजी खिलाड़ी व डीएसए सचिव विजय गुप्ता ने मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि ट्रायल में केवल वही खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगी, जिनका उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) में पंजीकरण है। ट्रायल में भाग लेने वाली सभी खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड, जन्मतिथि प्रमाण पत्र एवं यूपीसीए की ओर से जारी चालान लाना अनिवार्य होगा। इन सभी दस्तावेजों के बिना किसी को भी ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुरादाबाद जिले के साथ-साथ संभल और अमरोहा की महिला खिलाड़ी भी इस ट्रायल में हिस्सा ले सकती हैं। उन्होंने सभी पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि पर समय से पहुंचकर अवसर का लाभउठाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

