वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ जीवन की आधारशिला : नीलिमा कटियार

WhatsApp Channel Join Now
वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ जीवन की आधारशिला : नीलिमा कटियार


कानपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। वृक्ष पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ जीवन की नींव भी तैयार करते हैं। मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थानों में पौधरोपण अभियान विद्यार्थियों, चिकित्सकों और समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाते हैं। यह बातें कल्याणपुर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री नीलिमा कटियार ने गुरुवार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में आयोजित पौधरोपण अभियान के दौरान कही।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की ओर से वूमेन एम्पावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी और गंगा टास्क फोर्स के सहयोग से यूआईएसईएमएच पार्किंग क्षेत्र में ‘आज हरियाली, कल स्वस्थ भविष्य’ विषय पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 200 पौधे लगाए गए। इनमें 100 घर के अंदर रखे जाने वाले और 100 ऑक्सीजन प्रदान करने वाले छोटे पौधे शामिल रहे।

अभियान में स्वयंसेवकों, संस्था के सदस्यों और मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने पौधे लगाए। कार्यक्रम का उद्देश्य मेडिकल कॉलेज परिसर को हराभरा बनाने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में वूमेन एम्पावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक डॉ. प्रतिभा मिश्रा, गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणबीर राउतेला और नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. शशांक शुक्ला विशेष अतिथि रहे।

आयोजन डॉ. सीमा द्विवेदी के मार्गदर्शन में हुआ। डॉ. अनीता गौतम आयोजक रहीं, जबकि डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. सुचिता त्रिपाठी और डॉ. करिश्मा शर्मा ने समन्वय किया। इस दौरान डॉ. नीना गुप्ता, डॉ. रेणु गुप्ता, डॉ. शैली अग्रवाल, डॉ. पाविका लाल, डॉ. दिव्या द्विवेदी, डॉ. प्रतिमा वर्मा, डॉ. प्रीति त्यागी, डॉ. रश्मि गुप्ता, डॉ. रश्मि यादव समेत संकाय सदस्य मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मेडिकल कॉलेज में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसका नेतृत्व विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा द्विवेदी और डॉ. अनीता गौतम ने किया।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story