देहरादून के स्थान पर हर्रावाला स्टेशन से होगा अब ज्यादातर ट्रेनों का संचालन

WhatsApp Channel Join Now
देहरादून के स्थान पर हर्रावाला स्टेशन से होगा अब ज्यादातर ट्रेनों का संचालन


मुरादाबाद, 02 जून (हि.स.)। अब जल्द ही रेलवे की व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भविष्य में देहरादून के मुकाबले ज्यादातर ट्रेनों का संचालन हर्रावाला स्टेशन से करने की योजना है। चूंकि देहरादून स्टेशन पहाड़ी भौगोलिक स्थिति के कारण ढलान पर स्थित है। प्लेटफार्म छोटा है और सिर्फ 18 कोच की ट्रेन ही वहां से चलाई जाती हैं। ऐसे में भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए रेलवे ने हर्रावाला स्टेशन को विकसित किया है। रेलवे ने देहरादून के नजदीक हर्रावाला स्टेशन को 24 कोच की ट्रेनें चलाने के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया है। मंडल रेल प्रबंधक के अनुसार हर्रावाला स्टेशन लगभग तैयार है। वहां हमने दिव्यांगजन फ्रेंडली सुविधाएं भी विकसित की हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार देहरादून स्टेशन की भौगोलिक स्थिति विस्तार में सबसे बड़ी बाधा है। स्टेशन लाइन के अंतिम छोर पर स्थित है और आसपास के क्षेत्र में ट्रैक व यार्ड विस्तार की पर्याप्त गुंजाइश नहीं है।प्लेटफार्म की लंबाई और यार्ड क्षमता भी सीमित है, जिसके कारण यहां अधिकतर ट्रेनों का संचालन 18 कोच तक ही व्यावहारिक माना जाता है। दूसरी ओर भारतीय रेलवे लगातार एलएचबी रेक और 22 से 24 कोच वाली लंबी ट्रेनों को बढ़ावा दे रहा है, जिससे भविष्य में अतिरिक्त क्षमता की जरूरत और बढ़ेगी। इसी आवश्यकता को देखते हुए रेलवे ने हर्रावाला स्टेशन के यार्ड रीमॉडलिंग, अतिरिक्त लाइनें विकसित करने और इसे पूर्ण विकसित टर्मिनल के रूप में तैयार करने की योजना बनाई थी। अब यह लगभग तैयार हो चुका है।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि हर्रावाला स्टेशन लगभग तैयार है। वहां हमने दिव्यांगजन फ्रेंडली सुविधाएं भी विकसित की हैं। हाल ही में दिव्यांगजनों को व्हील चेयर पर बैठाकर स्टेशन परिसर का भ्रमण भी कराया गया। यदि किसी बिंदु पर सुधार करना है तो उनसे सुझाव भी लिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story