जौनपुर में अधिकार मित्रों को दिया गया प्रशिक्षण कार्यक्रम , अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने पर जोर
जौनपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में अधिकार मित्रों के लिए शुक्रवार को क्लस्टर आधारित मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दीवानी न्यायालय में किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर के तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने अधिकार मित्रों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये स्वयंसेवक समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विधिक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने उनके सामाजिक उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता पर विशेष बल दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत रणजीत कुमार तथा सिविल जज (सीडी) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार सिंह की देखरेख रही। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रीति श्रीवास्तव सहित अन्य न्यायिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय ने विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, स्थायी लोक अदालत के सदस्य विजय शंकर श्रीवास्तव ने लोक अदालत की कार्यप्रणाली समझाई। सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव ने श्रमिकों के अधिकारों और सरकारी लाभों पर विस्तृत जानकारी दी।
इसके अलावा मध्यस्थ संजय कुमार उपाध्याय और अधिवक्ता मनोज कुमार वर्मा ने निःशुल्क विधिक सहायता, सुलह एवं मध्यस्थता प्रक्रिया, महिला एवं बाल संरक्षण कानून तथा अपराध पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को न्याय सुलभ कराने और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

