संगठन विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आवश्यक : डॉ राजीव कुमार

WhatsApp Channel Join Now
संगठन विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आवश्यक : डॉ राजीव कुमार


स्वदेशी जागरण मंच के दो दिवसीय जिला विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग का समापन

मुरादाबाद, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्विट हॉल में स्वदेशी जागरण मंच के दो दिवसीय जिला विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग का समापन सोमवार को हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सहसंयोजक डॉ राजीव कुमार ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच कोई संगठन नहीं है। यह एक विचार मंच है जिसमें सभी विचारों का स्वागत है। मंच के विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण परम आवश्यक है।

उन्होंने आगे कहा कि स्वदेशी कोई बैलगाड़ी युग में ले जाने का प्रयास नहीं है। स्वदेशी को योगानुकूल बनाना होगा। आज भारत की स्थिति आजादी के समय जैसी नहीं है भारत एक बड़ी आर्थिक महाशक्ति बन चुका है।

अंतिम दिन क्षेत्र सहसंयोजक कपिल नारंग ने स्वदेशी की यात्रा, क्षेत्र विचार विभाग प्रमुख कुलदीप सिंह ने स्वावलंबी भारत अभियान, जिला संयोजक नीरज सोलंकी ने दत्तोपंत ठेंगड़ी का जीवन चरित्र, पूनम चौहान ने दीनदयाल उपाध्याय के जीवन चरित्र, अंजू त्रिपाठी ने महिलाओं का स्वदेशी में योगदान, हिमांशु मेहरा ने आर्थिक शब्दावली एवं डॉ एके अग्रवाल ने पर्यावरण एवं स्वदेशी विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

इस माैके पर कुछ नवीन दायित्व की घोषणा की गई जिसमें मीनू विज को जिला महिला प्रमुख, पूनम चौहान को जिला सहसंयोजक, डॉ शशांक सैनी को महानगर विचार विभाग प्रमुख, डॉ महेंद्र चौहान को सह विभाग संयोजक, उदय भान सिंह को महानगर सहसंयोजक एवं शिवेंद्र जैन को महानगर सहसंयोजक (राष्ट्रीय व्यापारी मंच) का दायित्व प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन विभाग संयोजक प्रशांत शर्मा एवं जिला महिला प्रमुख मीनू विज ने किया। कार्यक्रम में नीलम जैन, सुधांशु बिश्नोई, रेनू गुप्ता, जितेंद्र आर्य राजेश खन्ना, डॉ एसके अग्रवाल, पुष्पेंद्र कुमार, भारत सिंह यादव, पंकज चौहान आदि रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story