रेलवे यार्ड में ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत
बाराबंकी, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले के बुढ़वल रेलवे स्टेशन के यार्ड में बुधवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरपीएफ उप निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि बुढ़वल यार्ड में एक युवक की ट्रेन से कटने की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची तो किलोमीटर संख्या 719/8-9 के बीच अप लाइन संख्या 4 और 5 के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का कटा हुआ शव दो हिस्सों में पड़ा मिला। तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या यात्रा टिकट नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी।
जीआरपी ने शव को ट्रैक से हटाकर रेल यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

