ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साले की मौत, चचेरा भाई घायल

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साले की मौत, चचेरा भाई घायल


फतेहपुर के जाफरगंज से मेला देखकर घर लौट रहे थे तीनों युवक, चिल्ला के सहूरपुर गांव के पास हुआ हादसा

बांदा, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में फतेहपुर जिले के जाफरगंज में मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जीजा साले की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां जीजा साले को मृत घोषित कर दिया गया। घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।

जसपुरा कस्बे के ग्राम गड़रिया अंश पडुनिया डेरा निवासी अर्जुन का 16 वर्षीय पुत्र पुष्पेंद्र अपने 19 वर्षीय चचेरे भाई लोकपाल के साथ रिश्ते के जीजा 19 वर्षीय दशरथ ग्राम कछार डेरा पैलानी के साथ बाइक पर गुरुवार दोपहर फतेहपुर के जाफरगंज कस्बे दीपावली का मेला देखने गए थे। जहां से देर शाम तीनों एक ही बाइक पर वापस घर लौट रहे थे।

जैसे ही उनकी बाइक चिल्ला थाना क्षेत्र के सहूरपुर गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही चिल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में दशरथ और पुष्पेंद्र की मौत हो गई, जबकि लोकपाल घायल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।

क्षेत्राधिकारी सदर प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि गुरुवार को चिल्ला थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन युवक फतेहपुर के जाफरगंज से मेला देखकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे को चोटें आई हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776141 Articles

Share this story