गोरखपुर : हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत, सात झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर : हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत, सात झुलसे


गोरखपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। गोरखपुर जिले के चरगांवा विकासखंड अंतर्गत जंगल अयोध्या प्रसाद ग्राम पंचायत के चौहान टोले में बुधवार देर शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे काे लेकर मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने अधिकारियाें काे सख्त निर्देश दिया कि घायलाें काे समुचित उपचार हाे और मृतकाें काे मुआवजा उपलब्ध कराया जाये।

ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर जा रहे थे श्रद्धालु

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल अयोध्या प्रसाद ग्राम पंचायत के चौहान टोले से श्रद्धालु दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली में लगी लोहे की लंबी रॉड ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार के संपर्क में आ गई। तार के संपर्क में आते ही ट्रॉली में करंट उतर गया और उसकी चपेट में आकर कई लोग झुलस गए। अचानक हुए इस हादसे से विसर्जन यात्रा में शामिल लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

हादसे में लकी (17), विक्की (18) और चंदन (21) गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गए। तीनों की मौत हो गई। मृतकों में लकी और विक्की सगे भाई थे, जबकि चंदन उनका मौसेरा भाई था। तीन युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

सात घायल, मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार

हादसे में झुलसे सात लोगों को उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण भी मेडिकल कॉलेज पहुंचने लगे। अपनों को खोने का गम और घायलों की चिंता लेकर पहुंचे परिवारों का माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

विधायक महेन्द्र पाल सिंह ने घायलों का जाना हाल

हादसे की सूचना मिलने पर पिपराइच के विधायक महेन्द्र पाल सिंह बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने भर्ती घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली। विधायक ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने लोगों से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील भी की।

मेडिकल कॉलेज के बाहर प्रदर्शन, क्षेत्र में शोक

तीन युवकों की मौत की खबर से आक्रोशित लोगों ने मेडिकल कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया। इससे वहां कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। हादसे को लेकर लोगों में गहरा दुख और नाराजगी देखने को मिली। वहीं, मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के करुण क्रंदन से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है।

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। त्योहार के उल्लास के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764645 Articles

Share this story