यातायात नियम ताेड़ने वाले 53 वाहनों का चालान, 2 वाहन सीज

WhatsApp Channel Join Now
यातायात नियम ताेड़ने वाले 53 वाहनों का चालान, 2 वाहन सीज


देवरिया, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की पुलिस ने सोमवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया है। इसके तहत कुल 53 वाहनों का ई-चालान और दो वाहनों को सीज की कार्रवाई की गई है।

यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसके तहत शहर के प्रमुख स्थानों, विशेष रूप से बस स्टैंड और मालवीय रोड पर वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के संचालित हो रहे वाहनों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए।

यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले बाइक सवारों पर भी पुलिस की नजर रही। बिना हेलमेट चलने वाले तथा तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे चालकों को चेतावनी भी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story