यूपीपीएससी और बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर जौनपुर में ट्रैफिक प्लान लागू, सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर,30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक आचार्य राजकीय महाविद्यालय (प्रवक्ता) परीक्षा-2025 तथा उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 के मद्देनजर जनपद में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। दोनों परीक्षाएं 31 मई (रविवार) को सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होंगी।

परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाए हैं।

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।

एसपी ने शनिवार को बताया कि जिले में परीक्षाओं के चलते 31 मई को सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक शहर क्षेत्र में भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। गैस, पेट्रोल, डीजल तथा मेडिकल सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट प्रदान की गई है।

यातायात प्रतिबंध के तहत पचहटिया तिराहा, प्रसाद तिराहा, पकड़ी हाईवे अंडरपास, अलीगंज हाईवे तिराहा, जगदीशपुर चौराहा, चांदपुर हाईवे अंडरपास तथा कुत्तुपुर तिराहा से शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story