डिफेंस कॉरिडोर को जोड़ने वाले सचौली घाट सेतु पर नवंबर तक आवागमन का लक्ष्य : जितेंद्र प्रताप सिंह
कानपुर, 20 जून (हि.स.)। पांडु नदी पर निर्माणाधीन सचौली घाट सेतु पर नवंबर माह तक आवागमन शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है। यह सेतु डिफेंस कॉरिडोर, घाटमपुर और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा तथा क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति देगा। निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। यह बातें शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।
जिलाधिकारी ने तहसील नरवल क्षेत्र में पांडु नदी पर निर्माणाधीन सचौली घाट सेतु का जायजा लिया और निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने बताया कि यह सेतु डिफेंस कॉरिडोर एवं घाटमपुर क्षेत्र को नरवल मोड़-साढ़-सरसौल मार्ग से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक व औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी कुछ समस्याओं के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है, लेकिन सेतु निगम द्वारा कार्य में तेजी लाकर नवंबर तक पुल पर यातायात शुरू कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में उपयोग में लाया जा रहा पुराना पुल जर्जर और जोखिमपूर्ण हो चुका है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है, हालांकि वहां भी कुछ व्यावहारिक चुनौतियां हैं।
उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों को निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने तथा पुलिस विभाग को वैकल्पिक मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जनता को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उल्लेखनीय है कि विकासखंड भीतरगांव क्षेत्र में सचौली घाट के निकट पांडु नदी पर लगभग पंद्रह करोड़ अठाइस लाख रुपये की लागत से चार लेन क्षमता वाले सेतु एवं सुरक्षात्मक कार्यों का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना पूर्ण होने पर डिफेंस कॉरिडोर, घाटमपुर एवं आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार होगा। निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश सेतु निगम के परियोजना अधिकारी एस.के. सुमन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

