यातायात माह : एक दिन में 1488 वाहनों के चालान; 24.38 लाख रुपये का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
यातायात माह : एक दिन में 1488 वाहनों के चालान; 24.38 लाख रुपये का जुर्माना


स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक, नियमों का पालन करने की दिलाई शपथ

झांसी, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में यातायात माह के तहत झांसी में यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। इसके साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस ने एक दिन की कार्रवाई में 1488 वाहनों के चालान करते हुए 24 लाख 38 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया, जबकि एक वाहन को सीज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल अधिकारी यातायात प्रीति सिंह तथा क्षेत्राधिकारी यातायात रामवीर सिंह के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। 20 नवंबर को निरीक्षक यातायात प्रेमपाल सिंह ने मऊरानीपुर स्थित सेंट मैरी इंटर कॉलेज तथा निरीक्षक कृष्णकांत शर्मा ने सूरज प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का महत्व समझाते हुए नियमों का पालन करने और अपने परिजनों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

वहीं, 19 नवंबर को यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक प्रवर्तन कार्रवाई की। इसमें बिना हेलमेट वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, गलत नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, तीन सवारी, नो-पार्किंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, सीट बेल्ट न लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने और ब्लैक फिल्म लगाने वालों को निशाने पर लिया गया।

यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780673 Articles

Share this story