यातायात माह 2026 का शुभारंभ, जागरूकता रैली को सिटी मजिस्ट्रेट-एसपी सिटी ने दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
यातायात माह 2026 का शुभारंभ, जागरूकता रैली को सिटी मजिस्ट्रेट-एसपी सिटी ने दिखाई हरी झंडी


बाइक रैली और नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया गया सड़क सुरक्षा का संदेश

मथुरा, 02 नवम्बर(हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद में यातायात माह नवंबर का भव्य शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार के निर्देशन में आयोजित इस जागरूकता अभियान का मुख्य आकर्षण बाइक रैली और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा और एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया। इसके पश्चात अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता अभियान और बाइक रैली की शुरुआत की। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, शहर के गणमान्य लोगों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों की विशेष मौजूदगी रही, जहाँ अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। छात्रों ने ‘ऐ भाई, जरा देख के चलो’ की मनमोहक प्रस्तुति देकर यह संदेश दिया कि सड़क पर की गई एक छोटी-सी लापरवाही भी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इसके साथ ही, दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और अभिभावकों से 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की गई।

अधिकारियों ने अभियान के तहत शहरवासियों को जागरूक करते हुए बताया कि इस पूरे माह जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने अपील की कि दोपहिया चालक हमेशा हेलमेट पहनें। चारपहिया वाहन चालक और यात्री सीट बेल्ट का उपयोग करें। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखें और मोबाइल फोन का प्रयोग बिल्कुल न करें। नशे की हालत में भूलकर भी वाहन न चलाएं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर एक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे यातायात नियमों को अपनी रोजमर्रा की आदत बनाएं, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और सभी का सफर सुरक्षित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771374 Articles

Share this story