खाद्य विभाग की छापेमारी के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
खाद्य विभाग की छापेमारी के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर किया प्रदर्शन


कानपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। घंटाघर स्थित एक्सप्रेस रोड बाजार में शनिवार को लखनऊ और कानपुर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 19 दुकानों से खोया समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। त्योहार से ठीक पहले हुई सैंपलिंग की कार्रवाई से नाराज व्यापारियों ने बाजार बंद कर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों ने एक्सप्रेस रोड पर जाम लगाकर नारेबाजी की। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे की सूचना पर कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

टीम ने खोया (मावा) कारोबारी प्रेम गुप्ता समेत अन्य दुकानों पर सैंपलिंग शुरू की तो कुछ व्यापारियों ने विरोध करते हुए दुकानें बंद कर दीं। इसके बाद एक्सप्रेस रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष रोशन गुप्ता, वरिष्ठ महामंत्री इखलाक मिर्जा, महामंत्री सचिन त्रिवेदी और भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला युवा अध्यक्ष आशीष मिश्र समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र हो गए।

व्यापारियों ने एक-एक दुकान पर सैंपलिंग किए जाने का विरोध किया। उनका कहना था कि त्योहार से पहले इस तरह की कार्रवाई से व्यापारी परेशान हैं। सूचना पर भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुलशन आनंद व प्रवीण दीक्षित और प्रचार मंत्री पवन गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि बिना शिकायत एक-एक दुकान पर सैंपलिंग किए जाने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने कार्रवाई के तरीके पर आपत्ति जताते हुए अधिकारियों से व्यापारियों की समस्या पर भी ध्यान देने की मांग की।

वहीं, असिस्टेंट कमिश्नर फूड कानपुर संजय प्रताप सिंह ने बताया कि त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए लखनऊ और कानपुर की टीम एक्सप्रेस रोड पहुंची थी। टीम ने नियमानुसार करीब 19 दुकानों से खोया समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। उन्होंने कहा कि विभाग को जांच के लिए किसी भी दुकान से सैंपल लेने का अधिकार है।

विरोध के दौरान व्यापारियों ने एक्सप्रेस रोड बाजार बंद कर दिया और सड़क पर जाम लगा दिया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति संभाली। करीब तीन घंटे तक चले विरोध के बाद खाद्य विभाग की टीम सैंपलिंग पूरी कर लौट गई। इसके बाद व्यापारियों ने भी प्रदर्शन समाप्त कर दुकानें खोल दीं। दोपहर करीब तीन बजे के बाद बाजार खुलने के साथ ही एक्सप्रेस रोड पर यातायात सामान्य हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story