यूपीआई भुगतान पर एमडीआर चार्ज के विरोध में व्यापारियों ने थाली बजाकर किया प्रदर्शन
जौनपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मंगलवार को समाजवादी व्यापार सभा के कार्यकर्ताओं ने यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) चार्ज के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में थाली बजाकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष संजीव कुमार साहू के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने अपर जिलाधिकारी परमानंद झा को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित शुल्क वापस लेने की मांग की।
जिलाध्यक्ष संजीव कुमार साहू ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 15 अक्टूबर से यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित 0.04 प्रतिशत एमडीआर चार्ज के विरोध में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था से जुड़े नियमों और शुल्कों के कारण व्यापारी परेशान हैं। प्रस्तावित चार्ज से छोटे दुकानदारों, खुदरा व्यापारियों और अन्य कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल, सुलभ और किफायती बनाए रखना जरूरी है। व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को ऐसे निर्णय लेने चाहिए, जिससे छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त वित्तीय दबाव न पड़े। उन्होंने व्यापारियों के हितों से जुड़े निर्णयों में व्यापारिक संगठनों और संबंधित हितधारकों से संवाद करने की भी मांग की।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

