कानपुर के व्यापारी, अल्पसंख्यक और युवा वर्ग बेहद परेशान, उनकी आवाज उठाएंगे प्रकोष्ठ : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर के व्यापारी, अल्पसंख्यक और युवा वर्ग बेहद परेशान, उनकी आवाज उठाएंगे प्रकोष्ठ : पवन गुप्ता


कानपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर के व्यापारी, अल्पसंख्यक और युवा वर्ग बेहद परेशान हैं। कांग्रेस के प्रकोष्ठ उनकी आवाज महानगर इकाई के साथ मजबूती से उठाएंगे। संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करते हुए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा। प्रकोष्ठों के माध्यम से हर वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। यह बातें गुरुवार को महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।

कानपुर महानगर कांग्रेस द्वारा संगठन से जुड़े प्रकोष्ठों को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से तीन महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों के प्रभारियों की घोषणा की गई। इस निर्णय के तहत संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और विभिन्न वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया कि नियुक्त किए गए प्रभारी अपने-अपने प्रकोष्ठों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। साथ ही वे निष्क्रिय पदाधिकारियों की रिपोर्ट तैयार कर संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। प्रभारियों को नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा कर उसकी रिपोर्ट महानगर इकाई को सौंपने की जिम्मेदारी भी दी गई है, ताकि प्रदेश नेतृत्व को गतिविधियों की जानकारी मिलती रहे।

घोषणा के अनुसार फहद अब्बासी को अल्पसंख्यक विभाग, अजय त्रिपाठी को उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ और देव राय को युवा कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और विभिन्न वर्गों से जुड़ाव और मजबूत होगा।

इस अवसर पर हरप्रकाश अग्निहोत्री, राजेश गौतम, लल्लन अवस्थी, ग्रीनबाबू सोनकर, शंकर दत्त मिश्रा, राकेश साहू, अजय श्रीवास्तव, रितेश यादव, जितेंद्र गिरी, जितेंद्र ब्रह्म, सुरेश बख्शी, प्रमोद गुप्ता, अमिताभ दत्त मिश्रा और वैभव चौधरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story