व्यापारी अधिकारों के लिए 13 दिसंबर को लखनऊ में व्यापारी महापर्व : अनूप शुक्ला
कानपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। यूपीआई शुल्क लागू होने से व्यापारियों को नुकसान के साथ महंगाई बढ़ने की आशंका है, इसलिए इसे लागू नहीं किया जाना चाहिए। त्योहारों के दौरान चेकिंग के नाम पर पुलिस और खाद्य विभाग के अधिकारी व्यापारियों का उत्पीड़न न करें। यह बातें प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप शुक्ला ने बुधवार को मर्चेंट चेंबर हॉल, सिविल लाइंस में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में कहीं।
उन्होंने कहा कि त्योहार व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण समय होते हैं। ऐसे में चेकिंग के नाम पर अनावश्यक कार्रवाई और उत्पीड़न से व्यापारियों को परेशानी होती है। अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल की ओर से 13 दिसंबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी व्यापारी महापर्व आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश की करीब 300 विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ हजारों व्यापारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि महापर्व के माध्यम से व्यापारी अपने अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की। महर्ष गुप्ता को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। आभा पटेल ने प्रदेश उपाध्यक्ष महिला, आकाश जायसवाल ने युवा नगर अध्यक्ष, सत्यम मिश्रा ने जिला उपाध्यक्ष और आशीष त्रिपाठी ने मंडल अध्यक्ष पद की शपथ ली। अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन और व्यापारियों के हित में काम करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष जेपी यादव, राष्ट्रीय सचिव रजत सिंह गौर, मंडल अध्यक्ष आशीष त्रिपाठी, प्रभारी सेंट्रल यूपी अनिल शुक्ला, जिला अध्यक्ष महिला मधु सिंह, पूर्व पार्षद कीर्ति अग्निहोत्री, उन्नाव जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश, राष्ट्रीय सचिव राम शंकर गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष राहुल पाल, राष्ट्रीय सचिव सुमित उपाध्याय, नवीन अवस्थी और प्रदीप तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

