कंटेनर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में चालक की मौत, दो घायल
कानपुर, 06 जून (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रूमा के पास उस समय हुआ जब ईंट खाली कर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक कंटेनर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
रामनगर गांव निवासी शैलेंद्र (32) ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाकर अपने साथी पंकज के साथ कानपुर में ईंट उतारने के बाद भट्ठे की ओर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रूमा के पास फतेहपुर की दिशा में जा रहे एक कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया और पलट गया। इस वजह से हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक शैलेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद एनएचएआई और पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में कंटेनर की टक्कर से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

