औरैया : तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से कक्षा छह के छात्र की मौत, इकलौते बेटे का शव देख बिलख उठी मां

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से कक्षा छह के छात्र की मौत, इकलौते बेटे का शव देख बिलख उठी मां


-रामपुर वैश्य गांव के मोड़ पर हुआ हादसा, इलाज के लिए इटावा ले जाते समय तोड़ा दम

औरैया, 18 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र के रामपुर वैश्य गांव में रविवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 14 वर्षीय छात्र शरद की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शरद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से मां रीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

रामपुर वैश्य निवासी उजियारे लाल का पुत्र सौरभ रविवार दोपहर करीब 12 बजे बाइक से अछल्दा की ओर जा रहा था। बाइक पर उसके चाचा अशोक कुमार का बेटा शरद भी बैठा था। गांव के मोड़ पर पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सौरभ दूर जा गिरा, जबकि शरद ट्रैक्टर के अगले पहिये के नीचे आ गया। आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।

परिजन घायल शरद को निजी वाहन से इलाज के लिए इटावा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शरद अछल्दा कस्बे के मार्शल हेरोल्ड स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। उसकी एक बड़ी बहन डिंपल है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक छा गया। परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, मुन्नालाल, ब्रजकिशोर, रजनीश सिंह और विपिन पाल ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story