मेट्रो कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड सेक्शन में ट्रैक निर्माण शुरू : सुशील कुमार
कानपुर, 02 जून (हि.स.)। कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के एलिवेटेड सेक्शन में ट्रैक निर्माण कार्य की शुरुआत कानपुर मेट्रो परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अंडरग्राउंड सेक्शन में ट्रैक निर्माण पहले से तेजी से जारी है और अब एलिवेटेड हिस्से में भी रेल पटरियों की वेल्डिंग व बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। कॉरिडोर-1 के शेष सेक्शन और कॉरिडोर-2 पर निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। पूरी टीम और कार्यदायी संस्थाएं लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह बातें मंगलवार को यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।
कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 के लगभग 4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन (कृषि विश्वविद्यालय-बर्रा-8) में रेल पटरियों की वेल्डिंग और बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। विजय नगर स्टेशन के निकट मेट्रो वायाडक्ट पर सबसे पहले यह प्रक्रिया शुरू हुई है। इससे पहले 4.10 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन (रावतपुर-डबल पुलिया) में ट्रैक निर्माण कार्य जारी है।
यूपीएमआरसी के डायरेक्टर (वर्क्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर) सी.पी. सिंह और डायरेक्टर (रोलिंग स्टॉक) नवीन कुमार ने निर्माणाधीन स्टेशनों का दौरा कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कानपुर सेंट्रल, झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, कॉरिडोर-2 डिपो और अन्य निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया।
एलिवेटेड सेक्शन में फ्लैश बट्ट वेल्डिंग (एफबीडब्ल्यू) प्लांट के माध्यम से रेल पटरियों की वेल्डिंग की जा रही है। इसके बाद विशेष उपकरणों की सहायता से पटरियों को वायाडक्ट पर बिछाया जा रहा है। आगामी चरण में बैलेस्ट-लेस ट्रैक के लिए पटरियों को फिक्स करने और ट्रैक स्लैब ढलाई का कार्य शुरू होगा। सुरक्षा के लिए डिरेलमेंट गार्ड और बिजली आपूर्ति हेतु थर्ड रेल भी स्थापित की जाएगी।
यूपीएमआरसी के अनुसार, मेट्रो ट्रैक में ‘हेड हार्डेंड’ तकनीक से निर्मित विशेष रेल पटरियों का उपयोग किया जा रहा है। ये पटरियां अधिक टिकाऊ होती हैं और इनके रखरखाव की आवश्यकता अपेक्षाकृत कम होती है। वर्तमान में लगभग 23.50 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवाएं संचालित हैं, जबकि शेष सेक्शन पर परीक्षण कार्य जारी है। वहीं, 8.60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-2 का सिविल निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

