कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 में ट्रैक निर्माण शुरू, तेजी से बढ़ रहा प्रोजेक्ट
कानपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 में अंडरग्राउंड ट्रैक निर्माण की शुरुआत एक अहम उपलब्धि है। टनल निर्माण पूरा होने के बाद अब प्रोजेक्ट नई गति से आगे बढ़ रहा है। डिपो रैंप से रावतपुर के बीच कार्य शुरू होने से समयसीमा पर काम तेज हुआ है। पूरी टीम लक्ष्य को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए लगातार जुटी हुई है। कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड सेक्शन में ट्रैक निर्माण की शुरुआत हमारे लिए मील का पत्थर है। यह बातें गुरुवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कही।
कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) में ट्रैक निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। लगभग 4.10 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन में यह कार्य टनलिंग पूरी होने के बाद प्रारंभ किया गया है। फरवरी 2026 के अंतिम सप्ताह में रेल पटरियों की वेल्डिंग और बिछाने का काम शुरू किया गया था, जिसके बाद अब ट्रैक स्लैब की ढलाई की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है।
अंडरग्राउंड सेक्शन में एफबीडब्ल्यू (फ्लैश बट वेल्डिंग) प्लांट को डिपो रैंप के पास भूमिगत स्थापित कर पटरियों की वेल्डिंग की गई। इसके बाद विशेष उपकरणों की मदद से रेल पटरियों को टनल के भीतर बिछाया गया। अब ट्रैक स्लैब ढलाई के बाद आगे थर्ड रेल लगाने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
मेट्रो परियोजना में बैलास्ट-लेस (गिट्टी-रहित) ट्रैक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे रखरखाव की जरूरत काफी कम हो जाती है। लंबे समय तक संचालन के दौरान भी यह तकनीक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करती है।
गौरतलब है कि कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के तहत लगभग 16 किमी हिस्से में मेट्रो सेवाएं पहले से संचालित हैं, जबकि शेष सेक्शन में टेस्टिंग जारी है। वहीं कॉरिडोर-2 का सिविल निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

