टॉप-10, जिला बदर अपराधियों और गुंडा-माफिया के विरुद्ध करें कार्रवाई : आईजी जोन

WhatsApp Channel Join Now
टॉप-10, जिला बदर अपराधियों और गुंडा-माफिया के विरुद्ध करें कार्रवाई : आईजी जोन


आईजी जोन ने फतेहगंज थाने का किया निरीक्षण, त्योहारों पर सतर्कता बरतने के निर्देश

बांदा, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने सोमवार को डीआईजी चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के साथ फतेहगंज थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाने, शस्त्रागार और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का जायजा लिया। साथ ही अभिलेखों के रखरखाव और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने अपराध रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर और आगंतुक रजिस्टर समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने और हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। टॉप-10 अपराधियों, जिला बदर अपराधियों और गुंडा-माफिया के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।

मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत एडीजी ने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। महिला हेल्पलाइन 1090, 181 और आपातकालीन पुलिस सेवा 112 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।

त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश

शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों और जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। प्रतिमा विसर्जन और शोभायात्राओं के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, नियमित पैदल गश्त और प्रभावी चेकिंग करने को कहा। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर नजर रखने के साथ अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं

एडीजी ने पुलिसकर्मियों के साथ सैनिक सम्मेलन कर उनकी ड्यूटी, कार्यप्रणाली और विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं को सुना। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा आमजन के प्रति शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763711 Articles

Share this story