टूल किट से कारीगर अपने काम को बेहतर कर आय बढ़ा सकेंगे : सुरेंद्र मैथानी

WhatsApp Channel Join Now
टूल किट से कारीगर अपने काम को बेहतर कर आय बढ़ा सकेंगे : सुरेंद्र मैथानी


कानपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत पारंपरिक कारीगरों को उनके काम से जुड़े आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। टूल किट मिलने से कारीगर अपने काम को बेहतर तरीके से कर सकेंगे और स्वरोजगार के माध्यम से आय बढ़ा सकेंगे। यह बातें गुरुवार को विधायक सुरेंद्र मैथानी ने गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।

विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में योजना के 100 पात्र लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई। विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन की मौजूदगी में दर्जी, हलवाई, राजमिस्त्री और लोहार ट्रेड के कारीगरों को व्यवसाय से जुड़े उपकरण दिए गए।

दर्जी ट्रेड के 58, हलवाई के 12 तथा राजमिस्त्री और लोहार ट्रेड के 15-15 लाभार्थियों को टूल किट मिली। योजना के तहत पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण के साथ उनके व्यवसाय में उपयोग होने वाले उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिल सके।

विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि पारंपरिक कारीगरों के पास पीढ़ियों से अर्जित कौशल है। आवश्यक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराकर इस कौशल को रोजगार का बेहतर माध्यम बनाया जा सकता है। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने लाभार्थियों से टूल किट का उपयोग अपने व्यवसाय और आजीविका को आगे बढ़ाने में करने को कहा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी सुना गया। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story