प्रधानमंत्री मोदी के सपनों का भारत बनाने के लिए गांव—गांव पहुंचे कार्यकर्ता : संतोष सिंह

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के सपनों का भारत बनाने के लिए गांव—गांव पहुंचे कार्यकर्ता : संतोष सिंह


जौनपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को मछलीशहर में सेवा संकल्प अभियान के तहत एक दिवसीय जिला कार्यशाला आयोजित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि जिला प्रभारी संतोष सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का भारत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर पहुंचना होगा। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को पूर्व की कांग्रेस सरकार और वर्तमान मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की तुलना जनता के सामने रखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सरकार पेपर लीक होने की स्थिति में परीक्षा दोबारा कराती है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारी और संविदा क्षेत्र को मिलाकर करीब नौ लाख लोगों को रोजगार दिया गया है। कार्यशाला में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित 13 कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनके आयोजन की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी गई।

जिला अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री के विचारों और सरकार की योजनाओं को पूरी ईमानदारी से जनता तक पहुंचाना चाहिए। पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर, पूर्व विधायक हरेंद्र सिंह, सुषमा पटेल, डॉ. अजय सिंह और मेही लाल गौतम ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन जिला महामंत्री अस्कंध पटेल ने किया। इस अवसर पर अखिल प्रताप सिंह, धनंजय कश्यप, चंद प्रकाश सिंह, रिद्धिमा सिंह, संदीप सिंह, राजेश सिंह, रणविजय सिंह, रामचंद्र बिन्द, केपी मिश्रा और अभिषेक नारायण सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story