‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान चलायेगी भाजपा, सभी मण्डलों में निकलेगी तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान चलायेगी भाजपा, सभी मण्डलों में निकलेगी तिरंगा यात्रा


‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान चलायेगी भाजपा, सभी मण्डलों में निकलेगी तिरंगा यात्रा


लखनऊ, 01 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश भर में 10 अगस्त से 15 अगस्त, 2026 तक व्यापक जनभागीदारी के साथ ‘‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा‘‘ अभियान चलायेगी। 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल तथा महानगरों के वार्ड स्तर पर 1 से 2 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्राएं युवा मोर्चा के नेेतृत्व में निकाली जायेगी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा‘‘ अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया सभागार में संपन्न हुई। कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री अनिल के. एंटनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में अभियान की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री अनिल के. एंटनी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा‘ केवल घरों पर तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा जब किसी घर पर तिरंगा लहराता है, तो वह केवल एक ध्वज नहीं होता, बल्कि उस परिवार की राष्ट्र के प्रति आस्था, सम्मान और समर्पण का प्रतीक होता है।

एंटनी ने कहा हमें अभियान को अधिक घरों तक पहुंचना है, अधिक लोगों को जोड़ना है, युवाओं की भागीदारी बढ़ानी है और प्रत्येक मंडल में ऐसा वातावरण बनाना है कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक सरकारी आयोजन न रहकर पूरे समाज का उत्सव बन जाए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि बूथ अध्यक्ष के कुशल मार्गदर्शन में हर कार्यकर्ता कम से कम 50 घरों के लोगों को इस अभियान के साथ अवश्य जोड़े। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों से मिलकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना है, उनका सम्मान करना है। उन्होंने कहा प्रदेश के युवा इस यात्रा से जुड़ें, इसके लिए हम सोशल मीडिया का भरपूर इस्तेमाल कर उन्हें प्रेरित करें। यह यात्रा मात्र एक अभियान नहीं है, यह हमारी भारतीयता का सबसे बड़ा प्रतीक है।

बृज बहादुर भारद्वाज बने संयोजक

अभियान के संचालन के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर भारद्वाज को संयोजक तथा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, प्रदेश मंत्री अनिल यादव एवं रजनी पांडे को अभियान का सह-संयोजक बनाया गया है। यह टीम जिला स्तर पर सशक्त टीम का गठन करेगी जो प्रत्येक मंडल के साथ नियमित संपर्क रखा जाए तथा जनप्रतिनिधियों, मोर्चों, प्रकोष्ठों और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करेगी।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस निकालेगी भाजपा

भारतीय जनता पार्टी 14 अगस्त को ‘‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस‘‘ के अवसर पर सभी जिलों में बैनर एवं प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस निकालेगी। जिला स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन कर विभाजन की विभीषिका से जुड़े संस्मरणों को साझा किया जाए, ताकि नई पीढ़ी इतिहास की उस पीड़ा को समझ सके और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के महत्व को आत्मसात कर सके।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों, स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों तथा उनके आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इन स्थलों पर महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र के लिए उनके सर्वाेच्च बलिदान का स्मरण किया जाए। 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता के साथ व्यापक एवं भव्य तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story