प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने दिया एकता और अखंडता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने दिया एकता और अखंडता का संदेश


बाराबंकी, 13 अगस्त (हि.स.)। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत गुरुवार को बाराबंकी में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। जीआईसी ऑडिटोरियम से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन ने सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।

उत्तर प्रदेश के कारागार राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग करते हुए इसका नेतृत्व किया। जीआईसी ऑडिटोरियम से शुरू हुई यात्रा पटेल तिराहे तक पहुंची। रास्तेभर लोगों में तिरंगे को लेकर उत्साह नजर आया। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा में एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, अंगद कुमार सिंह, जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा।

तिरंगा आन, बान और शान का प्रतीक : प्रभारी मंत्री

प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि तिरंगा देशवासियों को एकता के सूत्र में बांधता है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाने वाला राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी की भावना पैदा करता है।

तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। यात्रा के चलते शहर में जगह-जगह राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story