कार्यालयों में बनाए रखें सुव्यवस्था, आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ करें निस्तारित : डीएम

WhatsApp Channel Join Now
कार्यालयों में बनाए रखें सुव्यवस्था, आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ करें निस्तारित : डीएम


कानपुर, 23 मार्च (हि.स.)। जन समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। हर शिकायत को गंभीरता से लेकर तय समयसीमा में उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बातें जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बिल्हौर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कहीं।

बिल्हौर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों को सात दिन के भीतर गुणवत्ता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए और कहा कि सभी मामलों की निगरानी वे स्वयं करेंगे।

समाधान दिवस में ग्राम संभियापुर निवासी दौलतराम की ओर से चकमार्ग संख्या 210 पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत प्रमुख रूप से सामने आई। शिकायत के अनुसार चकमार्ग को तोड़कर उसमें नाली बना दी गई थी, जिससे रास्ता संकरा होकर आवागमन बाधित हो रहा था। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी बिल्हौर ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध नाली को हटवाया और चकमार्ग को पुनः बहाल कराया।

इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन द्वारा मार्ग को और सुदृढ़ करने का कार्य भी कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सुगम आवागमन मिल सके।

अन्य शिकायतों में राजस्व संबंधी मामलों का प्रमुखता से निस्तारण किया गया। ग्राम न्योराखेड़ा निवासी सुभाष की भूमि को असंक्रमणीय से संक्रमणीय दर्ज कराते हुए खतौनी में प्रविष्टि कराई गई। वहीं, रामबेटी का नाम संशोधित कराया गया और त्रिभुवन सिंह की बंधक भूमि को बैंक प्रमाण पत्र के आधार पर मुक्त कराया गया।

विभागवार शिकायतों में राजस्व के 56, पुलिस के 13, विकासखंड के पांच, विद्युत के चार तथा अन्य विभागों के मामले शामिल रहे। इस अवसर पर डीसीपी कासिम आबिदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, उप जिलाधिकारी संजीव दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभिलेखागार में अभिलेखों के रखरखाव को बेहतर करने के निर्देश दिए गए। खाद एवं रसद विभाग में तंबाकू मुक्त क्षेत्र के नोडल अधिकारी का नाम प्रदर्शित न होने पर नाराजगी जताते हुए इसे तत्काल अंकित कराने के निर्देश दिए।

साथ ही विद्युत वसूली की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। तहसील परिसर के शौचालय में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यालयों में सुव्यवस्था बनाए रखते हुए आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story