होली और रमजान को लेकर कालपी में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, पुलिस-प्रशासन ने निकाला फ्लैग मार्च

WhatsApp Channel Join Now
होली और रमजान को लेकर कालपी में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, पुलिस-प्रशासन ने निकाला फ्लैग मार्च


उरई, 02 मार्च (हि.स.)। कालपी में आगामी होली और रमजान को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। सोमवार दोपहर एसडीएम मनोज कुमार सिंह और सीओ अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ पूरे शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। प्रशासन ने यह सतर्कता ईरान पर अमेरिका–इजरायल हमले के बाद बनी वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बरती है। अधिकारियों ने आमजन से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

यह फ्लैग मार्च कालपी के मुन्ना पावर हाउस से शुरू होकर मुख्य बाजारों, संवेदनशील इलाकों और विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरा। इसमें एसडीएम, सीओ, थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और त्योहारों को आपसी सद्भाव के साथ मनाने का संदेश दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही आस्था, प्रेम और उल्लास के पर्व हैं, जिन्हें शांतिपूर्ण माहौल में मनाना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाहें या भ्रामक पोस्ट न फैलाने की चेतावनी दी। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ईरान पर हुए अमेरिका–इजरायल हमले के बाद देशभर में बढ़ी चर्चाओं के मद्देनजर कालपी प्रशासन ने भी विशेष सतर्कता बरती है।

अधिकारियों ने अल्पसंख्यक बहुल इलाकों का दौरा किया और नागरिकों से धैर्य बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी उकसावे में न आने का आग्रह किया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी है। प्रशासन की सक्रियता से स्थानीय नागरिकों में भरोसा बढ़ा है। शहरवासियों ने पुलिस-प्रशासन की इस मुहिम की सराहना की। अधिकारियों ने दोहराया कि त्योहारों की खुशियां तभी बरकरार रह सकती हैं जब लोग संयम और आपसी सम्मान बनाए रखें। उन्होंने कालपी की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि शांति और सद्भाव ही क्षेत्र की असली पहचान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

Share this story