स्टार्टअप और नवाचार को नई दिशा देगा टाई यूपी–सीएसजेएमयू समझौता : डॉ. राव विक्रम सिंह

WhatsApp Channel Join Now
स्टार्टअप और नवाचार को नई दिशा देगा टाई यूपी–सीएसजेएमयू समझौता : डॉ. राव विक्रम सिंह


कानपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। यह सहयोग उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। अकादमिक उत्कृष्टता और उद्योग विशेषज्ञता का संगम भविष्य की ऐसी पीढ़ी तैयार करेगा जो केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाले होंगे। यह समझौता एक दीर्घकालिक साझेदारी की शुरुआत है, जो आत्मनिर्भर उद्यमिता को नई दिशा देगा। यह बातें मंगलवार को डॉ. राव विक्रम सिंह ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में TiE UP (टाई यूपी) और सीएसजेएमयू इनोवेशन फाउंडेशन (सीएसजेएमआईएफ) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समारोह विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित हुआ।

इस रणनीतिक साझेदारी का उद्देश्य अकादमिक जगत और उद्योग के बीच मजबूत सेतु का निर्माण करना है, जिससे छात्रों, शोधकर्ताओं और उभरते उद्यमियों को मेंटरिंग, इनक्यूबेशन सहयोग, ज्ञान आदान-प्रदान तथा व्यावहारिक व्यावसायिक अनुभव मिल सके। यह पहल नवाचारी विचारों को सफल स्टार्टअप में परिवर्तित करने में सहायक होगी।

समारोह में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। टाई यूपी (कानपुर चैप्टर) के अध्यक्ष डॉ. राव विक्रम सिंह सहित डॉ. अतुल कपूर (रीजेंसी हॉस्पिटल) और विश्वनाथ गुप्ता (आनंद बिल्डर्स) समेत कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।

एमओयू हस्ताक्षर की शुरुआत सीएसजेएमआईएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. दिव्यांश शुक्ला द्वारा प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी के साथ हुई। इस दौरान सशक्त स्टार्टअप एवं नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण पर विचार-विमर्श किया गया।

अपने संबोधन में प्रो. विनय कुमार पाठक ने युवाओं को सशक्त बनाने की दृष्टि साझा करते हुए स्वास्थ्य, कृषि, ड्रोन तकनीक और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने “स्टार्टअप मेला” आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा, जिससे सहयोग और विचार-विनिमय को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में डॉ. शिल्पा डी. कैस्था (डीन–नवाचार, उद्यमिता एवं स्टार्टअप्स), डॉ. सिधांशु राय, डॉ. विवेक सचान, डॉ. अंशु सिंह, प्रभाकर सिंह, शैलेंद्र कुमार यादव और अनिल कुमार त्रिपाठी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। अंत में आयोजन को क्षेत्रीय आर्थिक विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story