देवरिया रेलवे स्टेशन पर टिकट दलाल गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

देवरिया, 27 जून (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) की संयुक्त टीम ने शनिवार को देवरिया रेलवे स्टेशन के आरक्षण हाल में कार्रवाई करते हुए एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से तत्काल आरक्षित एसी टिकट, आरक्षण मांग पत्र तथा मोबाइल फोन बरामद किया है।

आरपीएफ देवरिया के सहायक उपनिरीक्षक अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त (अपराध) गोरखपुर के निर्देश पर अपराध आसूचना शाखा छपरा सब युनिट भटनी तथा आरपीएफ पोस्ट देवरिया की टीम आरक्षण केंद्र पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम ने इंदिरानगर निवासी अमित सोनकर (38) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पीएनआर 2258400083 का गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) के लिए 28 जून का थ्री एसी श्रेणी का तत्काल आरक्षित टिकट, जिसकी कीमत 9,220 रुपये है, एक सादा एवं एक भरा हुआ आरक्षण मांग पत्र तथा वीवो वाई-21 मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपित ने कथित रूप से बताया कि वह जरूरतमंद यात्रियों को टिकट के निर्धारित मूल्य से 400 से 500 रुपये प्रति व्यक्ति अधिक लेकर चोरी-छिपे तत्काल एवं सामान्य टिकट उपलब्ध कराता था। इसके बाद आरोपित के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत आरपीएफ पोस्ट देवरिया में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक अक्षय कुमार सिंह कर रहे हैं। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि, वे टिकट केवल अधिकृत माध्यमों से ही खरीदें और किसी भी प्रकार की दलाली की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को दें।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story